गैस सिलेंडर के लिए लगी लंबी कतारें, उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी, घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौट रहे लोग

LSFNews
3 Min Read

ब्यूरो उन्नाव उमेश शुक्ला

(लखनऊ सुपरफ़ास्ट उन्नाव) जनपद के शुक्लागंज क्षेत्र में स्थित भारत गैस एजेंसी पर बुधवार सुबह घरेलू गैस सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। एजेंसी के बाहर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें लग गईं। गैस सिलेंडर की कमी और वितरण में देरी के कारण उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल सका, जिससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले 10 से 15 दिनों से गैस वितरण व्यवस्था प्रभावित है। कई उपभोक्ताओं ने पहले ही गैस की ऑनलाइन बुकिंग कर रखी है, लेकिन इसके बावजूद समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी पर रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, लेकिन सीमित सिलेंडर होने के कारण कई लोगों को बिना गैस लिए ही वापस लौटना पड़ता है।
लाइन में खड़े मुश्ताक अली ने बताया कि वह सुबह से ही गैस लेने के लिए लाइन में लगे हुए हैं, लेकिन अभी तक सिलेंडर मिलने की कोई निश्चित जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि गैस न मिलने से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं और खाना बनाने में भी दिक्कतें आ रही हैं। कई परिवारों को मजबूरी में लकड़ी या अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
एक अन्य उपभोक्ता ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद भी एजेंसी की ओर से ओटीपी आने का इंतजार करने को कहा जाता है। जब ओटीपी आने के बाद उपभोक्ता पर्ची कटवाने पहुंचते हैं तो कभी पर्ची खत्म होने की बात कह दी जाती है, तो कभी सिलेंडर समाप्त होने का हवाला देकर उन्हें वापस कर दिया जाता है। इससे उपभोक्ताओं में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है।
एजेंसी के बाहर भीड़ इतनी अधिक थी कि सड़क किनारे जाम जैसी स्थिति बन गई। सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं घंटों लाइन में खड़े रहने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष रूप से दिक्कत उठानी पड़ी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस एजेंसी पर वितरण व्यवस्था सही तरीके से नहीं होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए और वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर गैस एजेंसी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं उपभोक्ताओं को उम्मीद है कि जल्द ही प्रशासन और संबंधित विभाग इस समस्या का समाधान करेंगे, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Share This Article
Leave a Comment