ब्यूरो उन्नाव उमेश शुक्ला लखनऊ सुपरफ़ास्ट
उन्नाव। जनपद में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खनिज विभाग द्वारा चलाए गए प्रवर्तन अभियान के तहत 9 खनिज से लदे ट्रकों पर कार्रवाई करते हुए करीब 5 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
खनन निरीक्षक प्रांजुल सिंह के नेतृत्व में परियर मार्ग, सदर, सफीपुर, मियागंज और हसनगंज क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध रूप से खनिज परिवहन कर रहे 09 ट्रकों की जांच की गई। दस्तावेजों और परिवहन नियमों में अनियमितता पाए जाने पर सभी ट्रकों का ऑनलाइन चालान किया गया और अधिरोपित जुर्माना तत्काल जमा कराया गया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई से लगभग 5 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। खनन निरीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अवैध खनन और बिना वैध प्रपत्रों के खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन की इस सख्ती से अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। लगातार हो रही कार्रवाई से खनन माफियाओं पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है।
