लखीमपुर खीरी।
नगर के वरिष्ठ लोकतंत्र सेनानी रामसेवक शर्मा का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार नगर स्थित मुक्तिधाम में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। जिला प्रशासन द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी गई।
स्वर्गीय रामसेवक शर्मा को उनके पौत्र श्लोक शर्मा ने मुखाग्नि प्रदान की। जैसे ही चिता प्रज्वलित हुई, वातावरण गमगीन हो उठा और हर आंख नम हो गई।
अंतिम संस्कार में विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय पदाधिकारी आचार्य संजय मिश्रा, ब्रजेश पांडे, राजीव त्रिवेदी, पीयूष बाजपेई, मिसरी लाल सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, संघ के स्वयंसेवक एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
सभी ने स्वर्गीय शर्मा के लोकतंत्र और राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि उनका संपूर्ण जीवन देश, समाज और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित रहा।
परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उपस्थित लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।