पत्नी की हत्या के 24 घंटे बाद पति का शव पंखे से लटका मिला, इलाके में सनसनी

LSFNews
2 Min Read

बृजमनगंज (महराजगंज)।

जनपद महराजगंज के बृजमनगंज थाना क्षेत्र स्थित सौरहा खास में पति-पत्नी के विवाद से जुड़ी घटना में बड़ा मोड़ सामने आया है। गुरुवार शाम पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद फरार चल रहे आरोपी पति का शव शुक्रवार दोपहर घर में पंखे से लटका मिला। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
बताया जाता है कि गुरुवार शाम पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी पति मुर्तुजा ने अपनी पत्नी नजमा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
इसी बीच शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे घटना में नया मोड़ सामने आया। जब मृतका के ससुराल पक्ष के कुछ लोग बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सौरहा स्थित घर पहुंचे तो दरवाजा बंद मिला। उनके साथ मौजूद एक लड़के ने दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो मुर्तुजा का शव कमरे में पंखे से फंदे के सहारे लटका हुआ मिला। यह देखकर लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।
घटना की सूचना तुरंत बृजमनगंज पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया।
थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज भेजा जा रहा है तथा घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।


वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी फरेंदा अनिरुद्ध ने भी घटनास्थल का मुआयना कर पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि गुरुवार शाम पत्नी की हत्या के बाद से ही आरोपी पति फरार था, लेकिन लगभग 24 घंटे बाद शुक्रवार दोपहर उसका शव उसी घर में पंखे से लटका मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment