ब्यूरो,राकेश चौधरी, बस्ती।
जन-समस्याओं के जल्द समाधान के लिए शनिवार को भानपुर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना और पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह ने खुद जनता के बीच पहुंचकर एक-एक कर फरियादियों की शिकायतों को सुना। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का उचित निस्तारण किया जाएगा।जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जनता की शिकायतों को सुलझाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाने का निर्देश दिया। डीएम ने साफ कहा कि शिकायतों का निपटारा केवल कागजों पर खानापूर्ति तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि टीम को मौके पर जाकर निष्पक्ष और बेहतर तरीके से समाधान सुनिश्चित करना होगा।
वहीं पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह ने मौजूद पुलिस अधिकारियों को पुराने मामलों को जल्द निपटाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। पुलिस अधिकारी खुद मौके पर जाएं, दोनों पक्षों की बात सुनें और पूरी पारदर्शिता के साथ न्यायपूर्ण कार्रवाई करें।
समाधान दिवस के दौरान सबसे ज्यादा मामले भूमि विवाद, आपसी रंजिश और सरकारी योजनाओं से जुड़े हुए आए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि जिन मामलों में जरूरत हो, वहां तुरंत पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम भेजी जाए। इस अवसर पर तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
