ब्यूरो राकेश चौधरी बस्ती।
जनपद की हर्रैया पुलिस ने शनिवार तड़के एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे इनामी गो-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी सुहेल, मुजफ्फरनगर जिले के नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित केकड़ा मंडी गांव का निवासी है। वह गो-वध और पशु क्रूरता के गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था।
प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भोर में घेराबंदी कर सुहेल को दबोच लिया। आरोपी लगातार अपनी पहचान छिपाकर पुलिस को चकमा दे रहा था, जिसके चलते उस पर इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के मुताबिक,आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट और कुर्की का नोटिस भी पहले ही जारी हो चुका था।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक अशोक कुमार और कांस्टेबल इंद्रजीत पासवान शामिल रहे। पुलिस ने सभी विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
