उन्नाव में जनगणना की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश

LSFNews
3 Min Read

ब्यूरो उमेश शुक्ला

उन्नाव जनगणना कार्य को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पन्नालाल सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड़ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर जनगणना से संबंधित कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में जनगणना निदेशालय लखनऊ से आए लखनऊ मंडल के जनगणना प्रभारी अनुपम कुमार सिंह सोमवंशी और जनपद उन्नाव के जिला जनगणना प्रभारी उमाशंकर भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जनगणना के प्रथम चरण में मकानों के सूचीकरण और मकानों की गणना से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही एचएलबीसी क्रिएशन मैपिंग, फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण, पर्यवेक्षक और प्रगणकों के डाटा तैयार करने तथा उसे सीएमएमएस पोर्टल पर अपडेट करने की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
मंडल जनगणना प्रभारी अनुपम कुमार सिंह सोमवंशी ने सभी जनगणना चार्ज अधिकारियों और मास्टर ट्रेनरों को निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना का कार्य तेजी और गंभीरता के साथ किया जाए, ताकि निर्धारित समय में सभी तैयारियां पूरी हो सकें।
अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार गोंड़ ने बैठक में कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहली डिजिटल जनगणना है, इसलिए फील्ड में कार्य करने वाले सभी अधिकारी और कर्मचारी इसकी प्रक्रिया की पूरी जानकारी प्राप्त कर लें।
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना में एकत्र किया जाने वाला डाटा पूरी तरह त्रुटिरहित होना चाहिए और सभी संबंधित अधिकारी फील्ड में पहुंचकर गंभीरता के साथ कार्य करें। साथ ही पर्यवेक्षकों और प्रगणकों का डाटा तैयार कर उसे सीएमएमएस पोर्टल पर शीघ्र अपडेट करने तथा उनके प्रशिक्षण को समय से पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
अपर जिलाधिकारी ने बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मकानों के सूचीकरण और गणना का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।
बैठक में उपजिलाधिकारी सदर क्षितिज द्विवेदी, उपजिलाधिकारी पूर्वा आनंद कुमार नायक, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार समेत जनगणना कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment