ब्यूरो राकेश चौधरी
बस्ती। जनपद की नगर थाना पुलिस और वाहन चोरी निरोधक दस्ते ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतरजनपदीय वाहन चोर को दबोचने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की दो मोटरसाइकिलें और एक पेचकस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर फुटहिया ओवरब्रिज से बड़ेबन जाने वाले मार्ग पर शहीद स्मारक के पास घेराबंदी की गई। यहाँ से अनूप कुमार, निवासी गोटवा बाजार को चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। यह वाहन कप्तानगंज क्षेत्र के गोटवा बाजार से चुराया गया था।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने एक अन्य मोटरसाइकिल भी चुराई है और उसे लोहरौली के एक गेहूं के खेत में छिपाकर रखा है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खेत से दूसरी मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। जांच में ज्ञात हुआ कि यह वाहन गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र से चोरी हुआ था और वहां भी इस संबंध में मामला पंजीकृत है।
इस सफलता में चौकी प्रभारी फुटहिया आनंद कुमार सिंह और वाहन चोरी निरोधक दस्ते के प्रभारी रितेश कुमार सिंह सहित मुख्य आरक्षी राजनरायन, आरक्षी अरुण यादव, दीपक राय और सौरभ मिश्रा की मुख्य भूमिका रही। पुलिस आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे कारागार भेजने की तैयारी कर रही है।