ब्यूरो राकेश चौधरी
बस्ती। वाल्टरगंज थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की से छेड़खानी और दुष्कर्म का प्रयास करने वाले आरोपी को घटना के महज 12 घंटे के भीतर दबोच लिया है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, संतकबीर नगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र उसका शहीद गांव निवासी 45 वर्षीय तमजीर आलम पुत्र कुर्बान अली ने एक नाबालिग लड़की के साथ जबरदस्ती करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया था। घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष शशांक कुमार सिंह के नेतृत्व में तत्काल एक टीम का गठन किया गया।
गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कहीं भागने की फिराक में है। इस पर उपनिरीक्षक लाल बहादुर सिंह, कांस्टेबल अनिरुद्ध और महिला आरक्षी अनीता चौहान की टीम ने सक्रियता दिखाई और पडिया चौराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इसमें महिला की गरिमा को ठेस पहुँचाने और नाबालिग के साथ यौन अपराध के प्रयास जैसे संगीन जुर्म शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।