ब्यूरो राकेश चौधरी
बस्ती। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान नवरात्रि और ईद-उल-फितर को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले के गणमान्य नागरिकों के साथ चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना ने कहा कि बस्ती हमेशा से आपसी भाईचारे का प्रतीक रहा है। उन्होंने सभी से अपील की कि आगामी नवरात्रि और ईद के त्योहारों को पारंपरिक हर्षोल्लास और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पुलिस हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है। उन्होंने सभी से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा। बैठक में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे त्योहारों से पहले बिजली, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कर लें, ताकि श्रद्धालुओं और रोजेदारों को किसी प्रकार की समस्या न हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रितपाल सिंह चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत और जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों ने हिस्सा लिया। प्रशासन ने समाज के प्रतिनिधियों से फीडबैक लिया और उन्हें आश्वस्त किया कि शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में सभी गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।