गोवंश अवशेष कांड का खुलासा, तीन तस्कर गिरफ्तार चार अन्य आरोपियों की तलाश तेज

LSFNews
3 Min Read

लखनऊ सुपरफास्ट ब्यूरो राकेश चौधरी

बस्ती। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना वाल्टरगंज पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त घेराबंदी में गोवध से जुड़े तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार, रस्सियाँ और तराजू-बाट समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
बीते 1 मार्च को थाना वाल्टरगंज के परसालाल शाही गांव स्थित एक पोखरे में गोवंश के अवशेष मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धारा, गोवंश को चोट पहुँचाना, वध करना और मांस की बिक्री के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीमों ने मंगलवार को करीब 12:50 बजे मझौवामीर के पास घेराबंदी की। यहाँ से पुलिस ने तीन अभियुक्तों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बब्लू शर्मा निवासी केशवारा, इस्तेखार अहमद निवासी संतकबीर नगर और छोटू उर्फ तुफैल निवासी मझौवामीर के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से तीन चाकू, पांच रस्सियाँ, साइकिल ट्यूब, लकड़ी का ठेहा, तराजू और बाट बरामद किए हैं। बिना लाइसेंस के घातक हथियार रखने के कारण पुलिस ने इन पर शस्त्र अधिनियम की धारा भी बढ़ोत्तरी की है।


गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि वे आवारा पशुओं को पकड़कर या खरीदकर उनका वध करते थे और मांस बेचकर जीविकोपार्जन करते थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि 27 फरवरी की रात उन्होंने एक छुट्टा बछड़े का वध किया था। पुलिस क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया की इस गिरोह में चार अन्य सदस्य भी शामिल हैं जो मौके से फरार होने में सफल रहे। फरार अभियुक्तों में गुलाम रसूल उर्फ बुढ़वा, सफीक उर्फ नऊआ, शमशाद अहमद उर्फ सुगनुआ और मो. नफीस शामिल हैं। पुलिस की टीमें इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
इस सफल अनावरण में वाल्टरगंज थानाध्यक्ष शशांक कुमार सिंह, स्वाट सर्विलांस प्रभारी शेषनाथ यादव, उप-निरीक्षक अजय कुमार पाण्डेय और उनकी टीम के मुख्य आरक्षी मृत्युंजय कुशवाहा, पवन तिवारी, देवेश यादव व अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article
Leave a Comment