ब्यूरो राकेश चौधरी
बस्ती। साइबर अपराधियों के बढ़ते जाल के बीच रुधौली पुलिस और साइबर सेल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक महिला के साथ हुई साइबर ठगी की गुत्थी सुलझाते हुए उसके खाते से उड़ाए गए ₹63931 सुरक्षित वापस करा दिए हैं। अपनी गाढ़ी कमाई वापस पाकर पीड़िता के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है।
थाना क्षेत्र के आवेदिका बालेश्वरी नगर निवासिनी मीरा कुमारी अज्ञात जालसाजों का शिकार हो गई थीं। ठगों ने धोखाधड़ी कर उनके बैंक खाते से बड़ी रकम पार कर दी थी। पीड़िता ने बिना देरी किए इसकी शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे और साइबर सेल प्रभारी रूधौली एजाज अहमद की टीम ने त्वरित तकनीकी जांच शुरू की।पुलिस टीम ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर ठगी गई राशि को तत्काल फ्रीज कराया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पूरी रकम मीरा कुमारी के खाते में वापस भेज दी गई।
साइबर सेल प्रभारी एजाज अहमद ने नागरिकों को सचेत करते हुए कहा कि किसी भी अनजान कॉल या संदिग्ध लिंक पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें। उन्होंने जोर दिया कि यदि कोई ठगी का शिकार होता है, तो तुरंत 1930 पर कॉल कर सूचना दें। टीम में आरक्षी सर्वदानंद यादव, सतीश चंद्र शामिल रहे।