घर में चल रही नमकीन फैक्ट्री में आगः पीलीभीत में दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया, घर में 4 भरे गैस सिलेंडर मिले

LSFNews
2 Min Read

पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक रिहायशी घर के भीतर चल रही नमकीन फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं, मौके से 4 गैस सिलेंडर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह घटना सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के खुशीमल मोहल्ले की है, जहां जुम्मा अंसारी के घर में अवैध रूप से नमकीन बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। बताया गया कि सोमवार को काम के दौरान भट्टी में जल रही लकड़ी की एक चिंगारी पास रखे
सामान पर गिरी, जिससे आग तेजी से फैल गई और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी और थानाध्यक्ष नरेश त्यागी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत सुरक्षा घेरा बनाया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया ताकि दमकलकर्मी अपना काम सुचारू रूप से कर सकें।
सीओ फायर अनुराग सिंह के नेतृत्व में दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने का काम शुरू किया। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत और पानी की बौछारों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
सीओ फायर अनुराग सिंह ने बताया कि दमकल विभाग की टीम ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, जो राहत की बात है। हालांकि, फैक्ट्री के भीतर रखा काफी सामान जलकर राख हो गया है।
जुम्मा अंसारी के घर में जांच के दौरान चार गैस सिलेंडर भी भरे पाए गए। इन गैस सिलेंडरों की जानकारी पुलिस ने सिटी मजिस्ट्रेट को उपलब्ध कराई। सिटी मजिस्ट्रेट ने पूरे मामले की जांच के लिए जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार को निर्देश दिया है। जिला पूर्ति अधिकारी का कहना है कि अगर सिलेंडर अवैध तरीके से घर में रखे गए थे तो इस पूरे मामले में निश्चित ही कार्रवाई होगी।

Share This Article
Leave a Comment