मंडावली क्षेत्र में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं, गैराज में खड़ी चार गाड़ियों से 600 लीटर डीज़ल चोरी।

LSFNews
3 Min Read

संदीप उपाध्याय दैनिक लखनऊ सुपरफास्ट जिला ब्यूरो चीफ बिजनौर

थाना मंडावली क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला जटपुरा रोड स्थित शिव मंदिर के पास गाड़ियों की मरम्मत करने वाले एक गैराज का है, जहां अज्ञात चोरों ने गैराज में खड़ी चार गाड़ियों की टंकियों से लगभग 600 लीटर डीज़ल चोरी कर लिया। इस घटना से वाहन स्वामियों को करीब 50 हजार से 70 हजार रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करण मिस्त्री पुत्र चौधरी रिशाल सिंह, निवासी ज्वालापुर बाईपास, सीतापुर (उत्तराखंड), वर्तमान में शिव मंदिर के पास जटपुरा रोड पर गाड़ियों की बॉडी एवं मरम्मत का कार्य करते हैं। उन्होंने थाना मंडावली में दी गई तहरीर में बताया कि दिनांक 06 फरवरी 2026 को उनकी दुकान पर चार वाहन मरम्मत के लिए आए थे, जिन्हें उनके स्वामियों द्वारा वहीं खड़ा कर दिया गया था।

पीड़ित ने बताया कि वह सामान्यतः दुकान पर चौकीदार रखते हैं, लेकिन अचानक चौकीदार की तबीयत खराब हो जाने के कारण उस रात दुकान पर किसी को छोड़ पाना संभव नहीं हो सका। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने रात के समय चारों गाड़ियों की टंकियों से डीज़ल चोरी कर लिया और सभी टंकियां पूरी तरह खाली कर दीं।
करण मिस्त्री का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। क्षेत्र में बीते एक वर्ष के भीतर स्टोन क्रेशर, एवं अन्य स्थानों से 10 से 12 चोरी की घटनाएं अज्ञात चोरों द्वारा की जा चुकी हैं। कई मामलों में सीसीटीवी कैमरों में चोरों की फुटेज भी कैद हुई, बावजूद इसके आज तक चोरी करने वाले अज्ञात चोरों का कोई ठोस सुराग नहीं लग पाया है। इससे क्षेत्रवासियों में असुरक्षा की भावना लगातार बढ़ रही है।
पीड़ित का कहना है कि बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से न केवल व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, बल्कि उनकी सामाजिक और व्यावसायिक साख पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गहन जांच, संदिग्धों से पूछताछ तथा क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों में चिंता का माहौल बना हुआ है और लोग पुलिस से शीघ्र व ठोस कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Share This Article
Leave a Comment