ब्यूरो राकेश चौधरी
बस्ती। आगामी त्यौहार ईद-उल-फितर को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जनपद की पुलिस ने कमर कस ली है। रविवार को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी के नेतृत्व में सदर सर्किल की सभी पुलिस चौकियों पर ‘पीस कमेटी की बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदायों के संभ्रांत व्यक्तियों, मौलवियों और मुतवल्लियों ने हिस्सा लिया।
सीओ सदर के कुशल पर्यवेक्षण में कोतवाली क्षेत्र की सिविल लाइन, गांधीनगर, बड़ेबन, सोनूपार, सदर अस्पताल, रौता, जेलगेट, रोडवेज, पटेल चौक, मडवानगर और अमहट घाट चौकियों पर बैठकें हुईं। वहीं, थाना पुरानी बस्ती की प्लास्टिक कॉम्प्लेक्स, हड़िया, दक्षिण दरवाजा और थाना वाल्टरगंज की गनेशपुर, मनौरी व जमदाशाही चौकियों पर भी चौकी प्रभारियों ने क्षेत्रीय लोगों के साथ संवाद किया।
सड़क पर नमाज न पढ़ने की अपील
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्यौहार के दौरान किसी भी विवादित स्थल या सार्वजनिक सड़क पर नमाज अदा न की जाए। अधिकारियों ने सुझाव दिया कि यदि नमाजियों की संख्या अधिक हो, तो दो शिफ्टों में नमाज अदा की जा सकती है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
संवाद के दौरान पुलिस ने लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में भी पूछा, जिस पर फिलहाल कोई विशेष समस्या सामने नहीं आई। पुलिस ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि त्यौहार के दौरान खलल डालने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। सभी से भाईचारे और शांति के साथ ईद मनाने की अपील की गई है।