ब्यूरो राकेश चौधरी
बस्ती। जिला प्रशासन व न्यायपालिका के शीर्ष अधिकारियों ने मंगलवार को जिला कारागार का संयुक्त वार्षिक निरीक्षण किया। जिला जज शमशूल हक, जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना और पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बैरकों की स्थिति और बंदियों को दी जाने वाली सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। नियमित प्रक्रिया के तहत हुए इस निरीक्षण का उद्देश्य जेल मैनुअल का अनुपालन सुनिश्चित करना रहा।
अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों का दौरा कर वहां की साफ-सफाई और अनुशासन का निरीक्षण किया। सुरक्षा बलों ने बैरकों की जांच की, हालांकि कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम और वॉच टावर की सक्रियता देखी और सुरक्षाकर्मियों को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना ने जेल अस्पताल और रसोई का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों से मिलकर उन्हें मिल रहे भोजन की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भोजन स्वच्छ और पोषक होना चाहिए। स्वच्छता के मानकों में कोताही नहीं बरतने की हिदायत दी गई।
जिला जज शमशूल हक ने बंदियों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन बंदियों के पास अधिवक्ता नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।