श्री दर्शन इंडियन सर्विस पर सुबह से लग रही लंबी कतारें
औरैया ब्यूरो दिलीप कुमार
औरैया। शहर की श्री दर्शन इंडियन सर्विस गैस एजेंसी पर इन दिनों केवाईसी कराने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। एजेंसी के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग जाती हैं और उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। भीड़ के कारण एजेंसी परिसर में अव्यवस्था की स्थिति बन रही है और कई लोगों को बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ रहा है।
गैस कनेक्शन से संबंधित केवाईसी अपडेट कराने के निर्देश के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी पहुंच रहे हैं। सोमवार को भी एजेंसी के बाहर महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की भीड़ देखी गई। लोग हाथों में आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज लेकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
उपभोक्ताओं का कहना है कि केवाईसी कराने के लिए उन्हें कई बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। भीड़ अधिक होने और कर्मचारियों की सीमित संख्या के कारण काम की गति धीमी है। कई लोगों ने बताया कि घंटों लाइन में लगने के बाद भी उनका नंबर नहीं आ पाता।
गर्मी और धूप के बीच खड़े होकर इंतजार करने से महिलाओं व बुजुर्गों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एजेंसी परिसर में भीड़ के कारण लोगों को खड़े होने तक की जगह मुश्किल से मिल पा रही है।
स्थानीय उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि केवाईसी प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए अतिरिक्त काउंटर और कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।