विज्ञान क्विज में अव्वल बच्चों को मिला एक्सपोजर विजिट का मौका

LSFNews
3 Min Read

कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय में देखा विज्ञान का प्रयोग

औरैया ब्यूरो दिलीप कुमार

औरैया। बेसिक शिक्षा विभाग की पहल पर सदर ब्लॉक के नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों के मेधावी बच्चों को शैक्षिक एक्सपोजर विजिट पर डा० बी० आर० अम्बेडकर कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, इटावा ले जाया गया। वहां बच्चों ने कृषि विज्ञान, आधुनिक कृषि उपकरणों और तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया।
ब्लॉक स्तरीय राष्ट्रीय आविष्कार विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 6, 7 और 8 के छात्र-छात्राओं का चयन इस एक्सपोजर विजिट के लिए किया गया था। बच्चों में इस शैक्षिक भ्रमण को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों को किताबों से बाहर निकलकर विज्ञान और तकनीक को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलता है, जिससे उनकी जिज्ञासा और सीखने की क्षमता बढ़ती है।
एक्सपोजर विजिट में शामिल सभी बच्चों को टी-शर्ट, टोपी, बैग, कॉपी, पेन और विज्ञान प्रैक्टिकल कॉपी प्रदान की गई। वहीं यात्रा के दौरान बच्चों के लिए स्नैक्स, बिस्कुट, चॉकलेट, पानी और लंच की भी व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के दौरान मौजूद एआरपी अम्बरीश बाजपेई ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए समय-समय पर ऐसे शैक्षिक भ्रमण आयोजित किए जाते हैं, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके और वे विज्ञान व तकनीक को व्यवहारिक रूप से समझ सकें। इस दौरान शिक्षकों ने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया और उन्हें कृषि विज्ञान, आधुनिक तकनीकों तथा उनके उपयोग के बारे में जानकारी दी। इस मौके नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक भी मौजूद रहे।

कृषि तकनीक और वैज्ञानिक प्रयोगों की दी जानकारी

महाविद्यालय में बच्चों को कृषि अभियांत्रिकी, आधुनिक खेती के उपकरणों, सिंचाई तकनीकों तथा वैज्ञानिक प्रयोगों के बारे में विस्तार से बताया गया। विशेषज्ञों ने समझाया कि विज्ञान और तकनीक के प्रयोग से खेती को अधिक उन्नत और उत्पादक बनाया जा सकता है। इससे बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ी और उन्होंने विभिन्न प्रयोगशालाओं व उपकरणों को उत्सुकता से देखा।

Share This Article
Leave a Comment