ब्यूरो राकेश चौधरी
बस्ती।अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रुधौली पुलिस को शुक्रवार को एक सफलता मिली है। पुलिस ने क्षेत्र में मॉडिफाइड बाइक के साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकालकर आम जनमानस में भय पैदा करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इसके साथ ही यातायात नियमों का घोर उल्लंघन करने वाली मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है। थानाध्यक्ष संजय कुमार दूबे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के आदेश व क्षेत्राधिकारी कुलदीप सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कस्बे में एक बिना नंबर प्लेट की बाइक आती दिखाई दी। बाइक सवार युवक साइलेंसर से पटाखे जैसी तेज आवाजें निकालकर राहगीरों को डरा रहे थे। जब पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की, तो वे न तो गाड़ी के कागजात दिखा सके और न ही उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस मिला।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान इरफान और मोहम्मद तौहीद निवासी ग्राम भितेहरा के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष के अनुसार, क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत विधिक कार्रवाई की गई है। उल्लेखनीय है कि इस धारा का प्रयोग संज्ञेय अपराधों को रोकने के लिए पुलिस के विधिक आदेशों की अवहेलना करने पर किया जाता है।
औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस पूरी कार्रवाई और गिरफ्तारी में वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवकुमार यादव, मुख्य आरक्षी जयसिंह चौरसिया और आरक्षी अतुलेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के शांतिप्रिय नागरिकों ने राहत की सांस ली है।